Explore

Search

May 7, 2026 9:34 pm

सिसवन : श्रीमद्भागवत कथा का अनुष्ठान, जानकी धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

✍परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

सिसवन :प्रखंड के जयी छपरा गांव स्थित जानकी धाम में आयोजित सात दिवसीय भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में पूजा अर्चना एवं भागवत कथा सुनने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। भागवत कथा के प्रथम दिन शुक्रवार की शाम कथावाचक केन बाबा ने भागवत कथा का रसपान कराते हुए कहा कि जन्म-जन्मांतर एवं युग-युगांतर में जब पुण्य का उदय होता है, तब ऐसा अनुष्ठान होता है। श्रीमद्भागवत कथा एक अमर कथा है, और इसे सुनने से पापी भी पापमुक्त हो जाते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि वेदों का सार युगों-युगों से मानवजाति तक पहुंचाता रहा है। भागवत पुराण उसी सनातन ज्ञान की पयस्विनी है, जो वेदों से प्रवाहित होती चली आई है। इसलिए भागवत महापुराण को वेदों का सार कहा गया है। उन्होंने श्रीमद्भागवत महापुराण का बखान करते हुए बताया कि सबसे पहले सुखदेव मुनि ने राजा परीक्षित को भागवत कथा सुनाई थी, जिन्हें सात दिनों के अंदर तक्षक के दंश से मृत्यु का श्राप मिला था। कथावाचक ने कहा कि भागवत कथा अमृत पान करने से संपूर्ण पापों का नाश होता है।

इस अवसर पर देवेंद्र सिंह उर्फ बबुआ जी, माला पांडेय, सकलदेव पांडेय, सचिन पांडेय, विश्वजीत पांडेय सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर