Explore

Search

March 22, 2026 12:00 pm

हुसैनगंज : अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो की मौत, चार घायल

✍परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

हुसैनगंज : थाना क्षेत्र के एसएच-89 पर पिछले 24 घंटे के दौरान हुई दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।

पहली घटना में मृतक की पहचान पूर्वी हरिहांस के रगड़ टोला निवासी 55 वर्षीय शिवपूजन यादव के रूप में हुई। बताया जाता है कि शुक्रवार देर शाम शिवपूजन यादव खोदाईबारी मोड़ के पास पैदल जा रहे थे, तभी बरात लेकर जा रही एक अनियंत्रित स्कार्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

दूसरी घटना छपियां नहर पुल के पास हुई, जहां एक अधेड़ व्यक्ति ट्रक की चपेट में आकर घायल हो गया। पुलिस ने घायल को सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान आंदर थाना क्षेत्र के निवासी के रूप में हुई, लेकिन समाचार लिखे जाने तक नाम की पुष्टि नहीं हो सकी थी। इस घटना के बाद स्वजन शव को बिना पोस्टमार्टम कराए घर ले गए।

वहीं, रफीपुर मोड़ और छाता में हुई दो अन्य घटनाओं में चार युवक घायल हो गए। ये सभी बाइक सवार थे। स्थानीय ग्रामीणों ने सहयोग कर घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया। थानाध्यक्ष विजय कुमार यादव ने घटनास्थलों पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर