✍परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
महाराजगंज : थाना क्षेत्र के रिसौरा पंचायत अंतर्गत जगदीशपुर गांव में गुरुवार की सुबह एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान जगदीशपुर निवासी खलील मियां के 22 वर्षीय पुत्र अजहर मियां के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, अजहर मियां बुधवार की देर शाम भोजन के बाद घर के बाहर टहलने निकले थे। जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटे, तो स्वजन चिंतित हो गए। देर रात कुछ ग्रामीण शौच के लिए बाहर निकले तो घर से कुछ ही दूरी पर पेड़ से लटका अजहर का शव देखा। यह खबर पूरे गांव में आग की तरह फैल गई, और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्रित हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ राकेश कुमार रंजन और थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घटना से स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, और पूरे गांव में शोक का माहौल है।

