✍परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
रेलवे यात्रियों को जल्द ही एक नई और बड़ी सुविधा मिलने वाली है। भारतीय रेलवे ने आईआरसीटीसी का आल इन वन सुपर एप लॉन्च करने की योजना बनाई है, जिसके तहत अब यात्रियों को रिजर्वेशन टिकट, साधारण टिकट, प्लेटफार्म टिकट, लाइव ट्रेन अपडेट और यात्रियों की सुरक्षा, संरक्षा और सेवा संबंधित शिकायतों के समाधान की सभी सुविधाएं एक ही प्लेटफार्म पर मिलेंगी। इस एप का साफ्टवेयर डेवलपमेंट अंतिम चरण में है और आईआरसीटीसी व क्रिस मिलकर इस पर काम कर रहे हैं।
त्योहारों के समय रेलवे को टिकट और अन्य सुविधाओं को लेकर अक्सर समस्याओं का सामना करना पड़ता है, और यात्रियों को कई अलग-अलग एप्स का इस्तेमाल करना पड़ता है, जिससे ठगी का खतरा भी बढ़ जाता है। इन समस्याओं से निपटने के लिए रेलवे ने आल इन वन सुपर एप लॉन्च करने का निर्णय लिया है, जो इस माह के अंत तक लांच किया जाएगा। इस एप के जरिए यात्री टिकट बुकिंग, प्लेटफार्म पर ट्रेन की जानकारी, भोजन वितरण और ट्रेन के चलने की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। यह सुपर एप आईआरसीटीसी एप से अलग होगा और यात्रियों को एक ही प्लेटफार्म पर सभी सेवाएं प्रदान करेगा।

