✍परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
महाराजगंज प्रखंड के बंगरा गांव में बुधवार को अमर बलिदानी बद्री प्रसाद के आवास परिसर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्रीनगर में आतंकी हमले में बलिदान हुए जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उन्हें नमन किया गया।
कार्यक्रम में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के उप महानिरीक्षक कार्यालय मुजफ्फरपुर से पहुंचे एसआई जीडी अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में एक श्रद्धांजलि अर्पित की गई। एसआई अशोक कुमार सिंह ने बताया कि 4 दिसंबर 1991 को जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर के लाल चौक पर ड्यूटी के दौरान आतंकवादी हमले में बहादुरी से सामना करते हुए महज 26 साल की उम्र में बद्री प्रसाद बलिदान हो गए थे। उन्होंने गोलियों से छलनी होने के बाद भी आतंकवादियों का साहसपूर्वक मुकाबला किया था।
सीआरपीएफ के पांच जवानों की एक टीम ने आज बद्री प्रसाद की पुण्यतिथि पर उनके आवास पर जाकर ग्रामीणों के साथ श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर उन्होंने बलिदानी की पत्नी सुभावती देवी और पुत्र मिथुन कुमार से परिवार के भरण-पोषण तथा अनुकंपा के आधार पर नौकरी की जानकारी ली।

