✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
जीरादेई प्रखंड के तितिरा बंगरा स्थित ऐतिहासिक बौद्ध स्थल तितिर स्तूप का निरीक्षण बुधवार शाम को जिला आपूर्ति पदाधिकारी सह विकास शाखा अधिकारी सीमा कुमारी ने किया। इस दौरान अंचलाधिकारी हेमेंद्र कुमार भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान तितिर स्तूप विकास मिशन के अध्यक्ष माधव शर्मा ने स्थल के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला और खुदाई के दौरान प्राप्त पुरातात्विक साक्ष्यों के बारे में जानकारी दी।
माधव शर्मा ने बताया कि तितिर स्तूप को पर्यटन स्थल के रूप में तो घोषित किया गया है, लेकिन अब तक सरकारी स्तर पर कोई विकास कार्य शुरू नहीं किया गया है। उनका कहना है कि इस स्थल का विकास सीवान जिले में पर्यटन के लिए एक मजबूत आधार बन सकता है और इससे पूरे जिले की आर्थिक और सांस्कृतिक तकदीर बदल सकती है।
स्थानीय प्रशासन ने इस ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए जल्द से जल्द योजनाएं लागू करने का आश्वासन दिया।

