✍परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
आंदर प्रखंड मुख्यालय में बीडीओ सह निर्वाचन पदाधिकारी कुणाल कुमार की देखरेख में शनिवार को पैक्स चुनाव के लिए मतदान कर्मियों के बीच मतदान सामग्री का वितरण किया गया। इस दौरान प्रखंड कार्यालय में मतदान कर्मियों की भारी भीड़ देखी गई।
निर्वाचन पदाधिकारी कुणाल कुमार ने बताया कि चुनाव की सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। इस बार प्रखंड में सात पैक्स के लिए 24 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 13,993 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान बैलट बॉक्स में किया जाएगा, जिसके लिए कर्मियों को बैलट बॉक्स और अन्य सामग्री वितरित की गई है।
उन्होंने बताया कि सात पैक्स में 15 अध्यक्ष और 47 कार्यकारिणी सदस्य पद के उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। मतदान प्रक्रिया में 133 मतदान कर्मी ड्यूटी पर लगाए गए हैं, जिनमें 96 पोलिंग पार्टी कर्मी, 10 पीसीसीपी, 22 रिजर्व पार्टी कर्मी और 5 सेक्टर में 5 मतदान कर्मी शामिल हैं। इन कर्मियों में शिक्षक, पंचायत सचिव और प्रखंड के कर्मी शामिल हैं।
निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि मतदान एक दिसंबर की सुबह सात बजे से शुरू होगा, और मतगणना 2 दिसंबर को हुसैनगंज स्थित उच्च विद्यालय सह इंटर कालेज में होगी। उन्होंने मतदान कर्मियों को पारदर्शिता बरतने की हिदायत दी है।

