Explore

Search

April 12, 2026 6:10 pm

सिवान: तीसरे चरण के लिए 86 हजार मतदाता 132 मतदान केंद्रों पर करेंगे मतदान

✍परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

सिवान: जिले के चार प्रखंडों जीरादेई, मैरवा, दरौली और गुठनी में शुक्रवार को प्राथमिक कृषि साख समितियों (पैक्स) के 29 पदों के लिए तीसरे चरण का चुनाव होगा। जिला प्रशासन ने चुनाव की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला सहकारिता विभाग कार्यालय के अनुसार, कुल 132 मतदान केंद्रों पर 86,662 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी मुकुल कुमार गुप्ता ने जानकारी दी कि शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होकर शाम 4:30 बजे तक चलेगा।

प्रखंडवार मतदान विवरण:

जीरादेई: आठ पैक्स के लिए अध्यक्ष और कार्यकारिणी सदस्य का चुनाव होगा। यहां 34 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 20,966 मतदाता मतदान करेंगे।

मैरवा: पांच पैक्स के लिए 21 बूथों पर 16,000 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

दरौली: 10 पैक्स के लिए 47 मतदान केंद्रों पर 30,490 मतदाता मतदान करेंगे।

गुठनी: छह पैक्स के लिए 30 बूथों पर 19,206 मतदाता वोट डालेंगे।

जिलाधिकारी ने बताया कि मतदान बैलेट पेपर के माध्यम से होगा। सभी मतदान केंद्रों पर मजिस्ट्रेट और सशस्त्र बलों की तैनाती की गई है ताकि मतदान प्रक्रिया में कोई गड़बड़ी न हो। मतदान कर्मियों को गुरुवार को आवश्यक सामग्री के साथ संबंधित बूथों के लिए रवाना कर दिया गया।

शांतिपूर्ण और स्वच्छ मतदान सुनिश्चित करने के लिए कमजोर वर्ग के मतदाताओं की सुरक्षा, विधि-व्यवस्था पर प्रभावी नियंत्रण और निर्वाचन क्षेत्रों को सेक्टरों में विभाजित कर सेक्टर दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर