✍परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफन
नौतन थाना क्षेत्र के पचलखी गांव के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे में पिता की मौत हो गई, जबकि पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के हेमन टोला निवासी योगेंद्र बैठा के रूप में हुई है। घायल पुत्र का नाम अमित बैठा है।
स्वजनों के अनुसार, योगेंद्र बैठा अपने पुत्र अमित के साथ बाइक पर सवार होकर पुत्र की शादी का निमंत्रण कार्ड बांटने जा रहे थे। जब वे पचलखी गांव के पास पहुंचे, तो एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिता-पुत्र बाइक से गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने घायलों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने योगेंद्र बैठा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल अमित का इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद अमित ने अपने परिवार वालों को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्वजन अस्पताल पहुंचे और घटना से मर्माहत होकर रोने-बिलखने लगे।
नगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।

