✍🏽 परवेज अख्तर/एडिटर इन चीफ
चार प्रखंडों में 83 हजार 202 मतदाता अपने मताधिकार का करेंगे उपयोग
सिवान : जिले के चार प्रखंडों के 35 पैक्सों में बुधवार को दूसरे चरण के चुनाव के तहत वोटिंग होगी। निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में चुनाव संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। जिला सहकारिता विभाग कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार महाराजगंज, दारौंदा, लकड़ी नबीगंज और पचरुखी प्रखंड के 35 पैक्सों के लिए कुल 133 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर कुल 83 हजार 202 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
सभी मतदान केंद्रों पर मजिस्ट्रेट के साथ सशस्त्र बलों की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न हो। मंगलवार को मतदान कर्मियों को आवश्यक सामग्री के साथ मतदान केंद्रों के लिए रवाना कर दिया गया। मतदान की प्रक्रिया सुबह 7 बजे से शाम 4:30 बजे तक चलेगी।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी मुकुल कुमार गुप्ता के निर्देशानुसार, शांतिपूर्ण और स्वच्छ मतदान सुनिश्चित करने, कमजोर वर्ग के मतदाताओं के हितों की रक्षा करने और विधि-व्यवस्था पर प्रभावी नियंत्रण के लिए संबंधित क्षेत्रों को सेक्टरों में विभाजित कर सेक्टर दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
मतपेटियों को स्ट्रांग रूम तक पहुंचाने की दी गई जिम्मेदारी
सभी सेक्टर और वरीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि मतदान समाप्ति के बाद मतपेटियों को संबंधित मतदान केंद्रों से संग्रहित कर स्ट्रांग रूम तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।

