✒️ परवेज़ अख़्तर / एडिटर इन चीफ
पुलिस दबिश और इश्तेहार तामिला के बाद कोर्ट में किया सरेंडर
सीवान : जीरादेई थाना क्षेत्र के चर्चित ज्वेलर्स लूटकांड में शामिल दो आरोपितों ने शुक्रवार को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। आत्मसमर्पण करने वाले आरोपितों की पहचान सारण जिले के मांझी थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर निवासी मनीष सहनी एवं विशाल कुमार गुप्ता के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने बताया कि छह मई को जीरादेई थाना क्षेत्र के जामापुर बाजार स्थित ओम साईं बर्तन एवं ज्वेलर्स दुकान में अज्ञात अपराधियों द्वारा लूट की घटना को अंजाम दिया गया था। घटना के त्वरित उद्भेदन एवं अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-2 (मैरवा) के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था।
अनुसंधान के दौरान तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर कांड में संलिप्त अपराधियों की पहचान की गई। पुलिस ने नौ मई को चार आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। वहीं 18 मई को एक आरोपित पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया था, जिसे इलाज के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
एसपी ने बताया कि फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी और दबिश दी जा रही थी। इसी दबाव के कारण इस मामले में शामिल दो अन्य आरोपितों ने शुक्रवार को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया।
उन्होंने बताया कि दोनों आरोपितों के विरुद्ध एक जून को न्यायालय से इश्तेहार प्राप्त किया गया था तथा जीरादेई थाना पुलिस द्वारा उनके आवास पर विधिवत इश्तेहार का तामिला भी किया गया था। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।

