Explore

Search

May 16, 2026 3:27 am

तरवारा : बरात में घुसकर शरारती तत्वों ने मचाया उत्पात, डेढ़ लाख की चेन व नकदी छीनी

✒️ परवेज़ अख्तर / एडिटर इन चीफ

  • काला डुमरा गांव में देर रात बरात में घुसे शरारती तत्व
  • बरातियों के साथ मारपीट कर नकदी व सोने की चेन छीनी
  • घटना में दो बराती गंभीर रूप से घायल
  • पुलिस ने आवेदन के आधार पर जांच शुरू की
  • जनवासे में घुसकर बरातियों पर हमला

सिवान: जीबी नगर थाना क्षेत्र के काला डुमरा गांव में गुरुवार की देर रात बरात में घुसकर शरारती तत्वों द्वारा उत्पात मचाने का मामला सामने आया है। घटना के दौरान शरारती तत्वों ने बरातियों के साथ मारपीट की तथा नकदी और सोने की चेन छीन ली। इस घटना में दो बराती गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की पहचान देव रंजन कुमार और सुनील कुमार के रूप में हुई है। दोनों का इलाज सदर अस्पताल में कराया गया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बालचंदहाता निवासी ऋषि कुमार के यहां से गुरुवार को बरात जीबी नगर थाना क्षेत्र के काला डुमरा गांव निवासी जय राम प्रसाद के घर आई थी। शादी समारोह शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा था। इसी दौरान देर रात करीब दो बजे आधा दर्जन से अधिक शरारती तत्व पारंपरिक हथियारों से लैस होकर जनवासे में पहुंच गए और बरातियों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि मारपीट के दौरान बदमाशों ने करीब एक लाख 80 हजार रुपये नकद तथा गले से लगभग डेढ़ लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन छीन ली। घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना को लेकर ऋषि कुमार ने स्थानीय थाना में आवेदन देकर काला डुमरा गांव निवासी कपिलदेव कुमार, अजित कुमार, संजय कुमार, सुनील कुमार, सचिन कुमार तथा कपिया निवासी शाहनवाज हुसैन और मोहम्मद जावेद समेत आधा दर्जन अज्ञात लोगों को आरोपित बनाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर