Explore

Search

May 6, 2026 8:10 am

सिवान : कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए एसपी ने किया लाइन होटलों व ढाबों की जांच

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस का सघन अभियान

  • एसपी ने खुद की औचक जांच, कई होटलों व ढाबों का निरीक्षण
  • संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की ली गई तलाशी
  • सीसीटीवी और रजिस्टर अपडेट रखने के सख्त निर्देश
  • अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने को लेकर कार्रवाई तेज

सिवान: जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने तथा अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से गुरुवार को पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा के नेतृत्व में सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर स्थित लाइन होटलों, ढाबों और लॉजों की औचक जांच की गई।
एसपी स्वयं मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करते नजर आए। जांच के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की बारीकी से तलाशी ली गई। साथ ही होटल और ढाबा संचालकों को आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन करने के सख्त निर्देश दिए गए।
पुलिस द्वारा संचालकों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि वे अपने प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे दुरुस्त रखें, फुटेज का बैकअप सुरक्षित रखें तथा आने-जाने वाले ग्राहकों का पूरा रिकॉर्ड रजिस्टर में दर्ज करें।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाना, अवैध शराब परोसने से संबंधित शिकायतों की जांच करना तथा सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना था।
इस संबंध में एसपी पूरन कुमार झा ने बताया कि कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए स्वयं सड़क किनारे स्थित ढाबों और लाइन होटलों की सघन जांच की गई है। उन्होंने कहा कि इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि जिले में शांति व्यवस्था बनी रहे और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर