✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
शिवम स्पोर्ट्स उपविजेता, विज्ञानानंद विद्यालय तीसरे स्थान पर
- 16 प्रखंडों और विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
- पचरुखी प्रखंड के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
- राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का चयन
- विजेताओं को मेडल और ट्रॉफी देकर किया गया सम्मानित
सीवान। सिवान जिला एथलेटिक्स संघ के तत्वावधान में 23 से 24 फरवरी तक स्थानीय राजेंद्र स्टेडियम में आयोजित 29वीं सिवान जिला एथलेटिक्स मीट 2026 में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेडलों की झड़ी लगा दी। प्रतियोगिता में पचरुखी प्रखंड ने सर्वाधिक पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। वहीं रघुनाथपुर की शिवम स्पोर्ट्स एकेडमी उपविजेता रही, जबकि विज्ञानानंद केंद्रीय विद्यालय ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता का आयोजन प्रसिद्ध समाजसेवी एवं पूर्व विधायक प्रत्याशी नेमतुल्लाह खान की उपस्थिति में किया गया। आयोजन सचिव सह कोषाध्यक्ष सुश्री पूजा कुमारी ने बताया कि प्रतियोगिता के सभी तकनीकी कार्य समय पर पूरे कर लिए गए थे। जिले के 19 प्रखंडों में से 16 प्रखंडों तथा विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों ने इसमें हिस्सा लिया।
उन्होंने बताया कि पचरुखी प्रखंड से शामिल 49 खिलाड़ियों में से 43 खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल जीतकर प्रखंड को ओवरऑल चैंपियन बनाया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के उत्साह और प्रदर्शन ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
जिला एथलेटिक्स संघ के तकनीकी निदेशक विनय कुमार ने बताया कि जिला स्तर पर चयनित खिलाड़ी आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। इसी उद्देश्य से जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन कराया गया था।
संघ के सचिव डॉ. अमीर उल हक ने जानकारी दी कि आगामी 10 जून से 12 जून तक पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित होगी, जिसके लिए चयनित खिलाड़ियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कार्यक्रम के सफल संचालन में कार्यक्रम सचिव सुश्री पूजा कुमारी, तकनीकी निदेशक विनय कुमार, शिवम कुमार सिंह, ओमकार नाथ तिवारी, कृष्णा कुमार राम, अंकेश कुमार सिंह, सुभाष कुमार, हमीदुद्दीन, सर्वेश रंजन, शाह आज़म, प्रताप कुमार सिंह, अरिंदम चटर्जी, रमेश कुमार समेत कई अधिकारियों और वोलेंटियरों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर अतिथि एनामुल हक, पूजा कुमारी, सर्वेश रंजन और विनय कुमार ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस दौरान जिला संघ के एग्जीक्यूटिव सदस्य साबिर इमाम, सिद्धि कुमार, रवि श्रीवास्तव, दिलीप कुमार, सरवर आलम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

