✍🏽 परवेज़ अख्तर/एडिटर इन चीफ
सिवान: सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान के तहत फाइलेरिया उन्मूलन में शिक्षा विभाग का सहयोग महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह अभियान 10 फरवरी से शुरू होगा। शहर के वीएम उच्च सह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित बैठक में समग्र शिक्षा के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी अशोक कुमार पांडेय ने बताया कि इस अभियान के तहत स्कूली बच्चों, शिक्षकों और ग्रामीणों को दवा सेवन के लिए जागरूक किया जाएगा।
कार्यक्रम के अनुसार, सबसे पहले तीन दिनों तक बूथ स्तर पर दवा सेवन कराया जाएगा। जिले के सभी विद्यालयों को बूथ बनाया गया है। सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी सुरेश राम ने बीपीएम और बीआरपी को निर्देश दिया कि विद्यालयों में छात्रों और उनके अभिभावकों के साथ बैठक कर इस अभियान को पूरी तरह सफल बनाएं।
सुरक्षित शनिवार और प्रार्थना सभा का होगा आयोजन
उन्होंने यह भी बताया कि सुरक्षित शनिवार के रूप में प्रत्येक सप्ताह जन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा, प्रार्थना सभा में स्कूली बच्चों को दवा सेवन की सही प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी जाएगी।
दवा सेवन के लिए जरूरी दिशा-निर्देश
जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. ओम प्रकाश लाल ने बताया कि दवा खाने से पहले बच्चों को बिस्किट या मध्यान भोजन (एमडीएम) जरूर खिलाया जाएगा। खाली पेट दवा का सेवन प्रतिबंधित है।
- 2-5 वर्ष आयु वर्ग: 100 मिलीग्राम (डीईसी) की एक गोली और 400 मिलीग्राम (एलबेंडाजोल) की एक गोली।
- 6-14 वर्ष आयु वर्ग: 200 मिलीग्राम (डीईसी) की दो गोली और 400 मिलीग्राम (एलबेंडाजोल) की एक गोली।
- 15 वर्ष और उससे अधिक: 300 मिलीग्राम (डीईसी) की तीन गोली और 400 मिलीग्राम (एलबेंडाजोल) की एक गोली।
इस बैठक में अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए सभी स्तरों पर तैयारी का निर्देश दिया गया।