हुसैनगंज में विवाहिता की हत्या, पति व देवर गिरफ्तार
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
गले में फंदा लगाकर हत्या का आरोप, शव दफनाने की हो रही थी तैयारी
सीवान जिले के हुसैनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत हबीबनगर टोला मिश्रौली गांव में रविवार की रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने इसे प्रथम दृष्टया हत्या का मामला मानते हुए त्वरित कार्रवाई की है।
मृतका की पहचान प्रियंका देवी के रूप में हुई है, जो आकाश शर्मा की पत्नी थीं। इस संबंध में सिसवन थाना क्षेत्र के किशुनबारी निवासी एवं मृतका के पिता रमण शर्मा ने हुसैनगंज थाने में लिखित आवेदन देकर अपने दामाद आकाश शर्मा और उसके भाई संजय शर्मा को नामजद आरोपी बनाया है।
आवेदन में उन्होंने आरोप लगाया है कि लगभग छह माह पूर्व आकाश शर्मा ने उनकी पुत्री को प्रेम प्रसंग में भगाकर विवाह किया था। रविवार की रात दोनों भाइयों ने कथित तौर पर प्रियंका देवी के गले में फंदा डालकर उसकी हत्या कर दी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद शव को गुपचुप तरीके से दफनाने की तैयारी की जा रही थी। सूचना मिलने पर जब वे गांव पहुंचे तो देखा कि शव को दफनाने की प्रक्रिया चल रही थी।
मृतका के पिता ने स्पष्ट रूप से अपनी पुत्री की हत्या का आरोप आकाश शर्मा एवं संजय शर्मा पर लगाया है।
इधर, पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। हुसैनगंज थानाध्यक्ष मोहन प्रसाद सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। एफएसएल टीम की विशेषज्ञ पूजा सिंह ने मौके पर पहुंचकर बारीकी से जांच-पड़ताल की। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष ने पुष्टि की कि मामले में नामजद दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई एवं विस्तृत जांच में जुटी हुई है।