हुसैनगंज में भोज के दौरान गाली-गलौज व मारपीट, 16 नामजद व 65 अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
हुसैनगंज (सिवान): थाना क्षेत्र के मड़कन गांव में भोज कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस मामले में गांव के ही शंभू कुमार मांझी ने थाना में आवेदन देकर 16 नामजद और 60 से 65 अज्ञात लोगों के विरुद्ध गाली-गलौज, मारपीट और लूटपाट का गंभीर आरोप लगाया है।
घटना 29 मई की बताई जा रही है, जब शंभू मांझी अपने दो भाइयों के साथ गांव के धोबही टोला में भोज खाने गया था। पीड़ित के अनुसार, मौके पर मौजूद मो. अनीश, मो. इलियाज सहित दर्जनों लोगों ने उन्हें अलग बैठने का दबाव बनाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर लाठी, डंडा और तलवार से हमला कर दिया गया।
हमले में शंभू मांझी के दोनों भाइयों के सिर फोड़े गए और शंभू को भी बुरी तरह पीटा गया। आरोप है कि मारपीट के दौरान उसका मोबाइल और गले की सोने की चेन भी छीन ली गई।
घटना की सूचना 112 डायल पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन आरोपी तब तक फरार हो चुके थे। घायल सभी लोगों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष अजीत कुमार सिंह ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर 16 नामजद व 50 से अधिक अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है और मामले की जांच के साथ कार्रवाई जारी है।

