✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
हुसैनगंज (सिवान): सहुली टोले घिसनापुर की निवासी मीरा देवी ने थाना में आवेदन देकर तीन महिलाओं समेत पांच लोगों पर मारपीट की प्राथमिकी दर्ज कराई है। मीरा देवी ने आरोप लगाया कि 26 दिसंबर की सुबह वह बेढ़ी (भुसौल) बनाने के लिए ईंट बिछा रही थीं। इसी दौरान पट्टीदार श्रीकांत यादव, विकास यादव, मनीषा कुमारी, विक्की कुमारी और सुनीता देवी एकजुट होकर वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे।
मीरा देवी ने बताया कि विरोध करने पर इन लोगों ने लाठी-डंडे से हमला कर उन्हें और उनकी पुत्री को घायल कर दिया। आरोप है कि इस दौरान उनके गले से मंगलसूत्र और कान की बाली छीन ली गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने हस्तक्षेप कर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
थानाध्यक्ष विजय कुमार यादव ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच जारी है। दूसरी ओर, आरोपियों ने इन आरोपों को निराधार बताया है।

