✍🏽 परवेज़ अख्तर/एडिटर इन चीफ
हुसैनगंज : प्रखंड मुख्यालय स्थित हुसैनगंज बाजार में सड़क अतिक्रमण की समस्या जस की तस बनी हुई है। सब्जी विक्रेताओं, ठेला चालकों और किराना दुकानदारों द्वारा वर्षों से सड़क पर अतिक्रमण कर दुकानें लगाई जाती हैं, जिससे आए दिन जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। इससे न सिर्फ वाहनों की आवाजाही बाधित होती है, बल्कि पैदल चलने वालों को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ती है।
अतिक्रमण को लेकर अक्सर वाद-विवाद की स्थिति बनती रहती है। इसी समस्या को देखते हुए सीओ दिव्य प्रकाश ने 18 नवंबर को चेतावनी पत्र जारी कर सभी अतिक्रमणकारियों को तीन दिनों के भीतर अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया था। चेतावनी में यह भी कहा गया था कि यदि वे स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाते, तो प्रशासन बलपूर्वक कार्रवाई करेगा।
हालांकि, ढाई महीने बीत जाने के बाद भी प्रशासन अब तक अतिक्रमण हटाने में असफल रहा है और सड़क पर जाम की स्थिति जस की तस बनी हुई है। इस संबंध में सीओ दिव्य प्रकाश ने कहा कि जल्द ही सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा। अब देखना यह है कि प्रशासन कब तक ठोस कार्रवाई करता है या फिर यह समस्या यूं ही बनी रहती है।

