✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
हुसैनगंज (सिवान), थाना क्षेत्र के सरेयां मौजे गांव में शुक्रवार को तेज रफ्तार गैस वितरण गाड़ी की चपेट में आने से एक पांच वर्षीय मासूम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान सरेयां निवासी बैजनाथ साह के नाती तथा गोपालगंज जिले के मांझा थाना क्षेत्र के भोजपुरवा निवासी दसई साह के पुत्र वरुण कुमार के रूप में हुई है।
घटना के बाद स्वजनों में कोहराम मच गया, पूरे गांव में मातम पसर गया। बताया जाता है कि वरुण कुमार सड़क किनारे खेल रहा था, तभी नईम एचपी ग्रामीण वितरक की तेज रफ्तार गाड़ी ने उसे कुचल दिया।
गांव में आक्रोश, चालक को ग्रामीणों ने बंधक बनाया
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने गैस वितरण गाड़ी समेत चालक को पकड़कर बंधक बना लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
समाचार लिखे जाने तक पुलिस ग्रामीणों और स्वजनों को समझाने का प्रयास कर रही थी, लेकिन गुस्साए ग्रामीण किसी भी तरह की बात सुनने को तैयार नहीं थे।
मां के साथ नाना के घर आया था मासूम वरुण
परिजनों के अनुसार, वरुण कुमार कुछ दिन पहले अपनी मां के साथ सरेयां अपने ननिहाल आया था। इस हृदयविदारक घटना के बाद मां समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस मामले में थानाध्यक्ष विजय कुमार यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की छानबीन की जा रही है।

