Explore

Search

March 22, 2026 12:09 am

हुसैनगंज: ई-रिक्शा पलटने से वृद्ध की मौत, पत्नी गंभीर रूप से घायल

✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

इलाज के लिए सीवान जा रहे दंपती की सड़क दुर्घटना में पति की घटनास्थल पर ही मौत, पत्नी सदर अस्पताल में भर्ती

सीवान जिले के हुसैनगंज थाना क्षेत्र के छपियां गांव के पास शनिवार को सिवान-सिसवन मुख्य मार्ग (एसएच-89) पर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में ई-रिक्शा सवार वृद्ध की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। इलाज के लिए सीवान जा रहे दंपती की गाड़ी को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी।

घटना के संबंध में बताया जाता है कि रसूलपुर निवासी 65 वर्षीय पारस प्रसाद अपनी 63 वर्षीय पत्नी प्रभावती देवी के साथ ई-रिक्शा से इलाज कराने सीवान जा रहे थे। छपियां गांव के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे रिक्शा पलट गया और पारस प्रसाद की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें तत्काल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। 112 डायल पर सूचना दिए जाने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा तथा घायल को इलाज के लिए सीवान सदर अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त ई-रिक्शा को जब्त कर लिया है, लेकिन दुर्घटना के बाद फरार वाहन और उसके चालक का कोई सुराग नहीं मिल सका है।

स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि श्रीराम सिंह ने शोक संतप्त परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने बताया कि मृतक पारस प्रसाद टोकरी बुनकर थे और अपने पीछे दो पुत्र व दो पुत्रियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। थानाध्यक्ष अजीत कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल पीड़ित परिवार की ओर से थाना में कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर