✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
होली को लेकर डीएम-एसपी की संयुक्त बैठक, 24 घंटे पेट्रोलिंग के निर्देश
सिवान: रंगों का त्योहार होली शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। सोमवार को आंबेडकर भवन स्थित संवाद कक्ष में जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय एवं पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा की संयुक्त अध्यक्षता में विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि अफवाह फैलाने वाले और कानून का उल्लंघन करने वाले तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए तथा उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को पर्व अवधि में साफ-सफाई की मुकम्मल व्यवस्था रखने का निर्देश दिया गया। वहीं बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।
प्रशासन ने पर्व के दौरान अश्लील लोकगीतों और डीजे पर अश्लील गीतों के प्रसारण पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्देश दिया है। चोरी-छिपे शराब बेचने वालों तथा मादक पदार्थों का सेवन करने वालों के विरुद्ध निगरानी बढ़ाते हुए विधि सम्मत कार्रवाई करने की बात कही गई।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ओवरस्पीडिंग, रैश ड्राइविंग करने वालों तथा टेम्पू एवं ई-रिक्शा में अश्लील गाना बजाते पकड़े जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों, विशेषकर संवेदनशील स्थानों पर 24 घंटे पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने और वाहनों की नियमित जांच करने का निर्देश दिया गया है।
इसके अलावा सभी पुलिस पदाधिकारियों को ड्यूटी स्थल पर उपस्थित रहने, बॉडी प्रोटेक्टर एवं हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। रेलवे स्टेशन और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अल सुबह तथा देर रात विशेष पेट्रोलिंग की व्यवस्था की जाएगी। कहीं से भी शराब की सूचना मिलने पर तत्काल क्विक प्रीवेंटिव एक्शन लेने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए होली का पर्व शांति एवं सौहार्द के साथ मनाएं।