✒️ स्वराज सिंह
एम.एच. नगर थाना पुलिस का सख्त रुख, एक गिरफ्तार; नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
सिवान: हसनपुरा क्षेत्र में नशे के बढ़ते कारोबार पर लगाम लगाने के लिए एम.एच. नगर थाना पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में थाना क्षेत्र के अरंडा गांव में गुप्त सूचना के आधार पर एक घर में छापेमारी कर अवैध स्मैक की कई पुड़िया बरामद की गईं। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है तथा नशा कारोबारियों में भय का माहौल देखा जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी राजीव कुमार पटेल को सूचना मिली थी कि अरंडा गांव स्थित एक घर में अवैध रूप से स्मैक की बिक्री की जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित घर में छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर से स्मैक की कई छोटी-बड़ी पुड़िया बरामद की गईं। बरामद सामग्री को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उससे पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद इसमें शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ज्ञात हो कि शराबबंदी लागू होने के बाद जिले में नशीले पदार्थों का अवैध कारोबार तेजी से फैलने की शिकायतें मिलती रही हैं। खासकर स्मैक की खपत में वृद्धि देखी गई है, जिससे युवा वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहा है। ग्रामीण इलाकों में भी नशा तस्करों की सक्रियता बढ़ने से स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है।
थाना प्रभारी राजीव कुमार पटेल ने स्पष्ट कहा कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि नशा कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ इस सामाजिक बुराई के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि आगे भी इसी तरह की सख्ती जारी रहेगी, ताकि क्षेत्र को नशा मुक्त बनाया जा सके।