हसनपुरा में पत्रकार स्वराज सिंह पर जानलेवा हमला
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
ब्रम्हस्थान के पास शाम 3:30 बजे घटना, चार हमलावरों ने लाठी-डंडा व हथियार से किया हमला
सिवान जिले के हसनपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मेरही गांव में सोमवार को करीब 3:30 बजे ‘समय सिवान’ के पत्रकार स्वराज सिंह पर चार अज्ञात हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया। घटना ब्रम्हस्थान के समीप की है।
बता दें कि हमलावरों की संख्या चार थी और वे लाठी-डंडा व अन्य हथियारों से लैस थे।
हमलावरों ने सुनियोजित साजिश के तहत एक झूठी कहानी गढ़कर पत्रकार स्वराज सिंह को फोन किया। उन्हें यह कहकर मेरही गांव बुलाया गया कि किसी पीड़ित व्यक्ति को मीडिया की जरूरत है। 82945 76227 नंबर से कॉल कर उन्हें मौके पर बुलाया गया।
जैसे ही स्वराज सिंह ब्रम्हस्थान के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन पर हमला बोल दिया। हमले में वे घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए। फिलहाल स्वराज सिंह का इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। हसनपुरा थाना प्रभारी ने बताया कि आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। संबंधित मोबाइल नंबर को ट्रेस करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। स्वराज सिंह की ओर से चार अज्ञात हमलावरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि बीते दिनों सिवान जिले में पत्रकारों पर हमले की घटनाएं सामने आई हैं। हाल ही में पचरुखी थाना क्षेत्र के भवानी मोड़ के पास शादी समारोह से लौट रहे पत्रकार रमेश सिंह को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी थी। इन घटनाओं से जिले के पत्रकारों में रोष और असुरक्षा का माहौल व्याप्त है।
पुलिस प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं पत्रकार संगठनों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।