✒️ स्वराज
रामनवमी के बाद छठी महोत्सव में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
- उसरी राम जानकी सह शिव मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना
- 56 भोग, भजन-कीर्तन से गूंजा वातावरण
- महाभोज में करीब 2000 श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
- नौ दिवसीय श्रीराम जन्मोत्सव समारोह का हुआ समापन
हसनपुरा (सिवान)। हसनपुरा नगर पंचायत के उसरी राम जानकी सह शिव मंदिर परिसर में बुधवार को रामनवमी के पावन अवसर के बाद प्रभु श्रीराम का छठीहार (छठी महोत्सव) हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर समेत आसपास के घरों में विशेष पूजा-अर्चना, 56 भोग, भजन और कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

भक्तों ने भगवान श्रीराम के बाल स्वरूप के प्रति अपनी गहरी आस्था व्यक्त की। छठी महोत्सव के दौरान रामनवमी सेवा समिति, आयुष्मान सेवा संघ और हिंदू युवा वाहिनी द्वारा महाभोज का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग दो हजार श्रद्धालुओं ने शामिल होकर प्रसाद ग्रहण किया।
इस संबंध में आचार्य पंडित राजू मिश्रा ने बताया कि छठी महोत्सव राम जन्मोत्सव के छठे दिन मनाया जाता है। यह नवजात शिशु के स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए ‘षष्ठी देवी’ की पूजा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह परंपरा रामनवमी के बाद मनाए जाने वाले संस्कारों में विशेष महत्व रखती है, जो मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के प्रति लोगों की अटूट आस्था को दर्शाती है।

ज्ञात हो कि हसनपुरा नगर पंचायत के उसरी शिव मंदिर परिसर में प्रत्येक वर्ष हिंदू युवा वाहिनी, बजरंग दल, आयुष्मान सेवा संघ एवं रामनवमी सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में नौ दिवसीय श्रीराम जन्मोत्सव समारोह का आयोजन किया जाता है, जिसका समापन बुधवार को भगवान श्रीराम के छठी महोत्सव के साथ संपन्न हो गया।

