Explore

Search

March 20, 2026 1:53 am

हसनपुरा : भव्य मंगल कलश यात्रा के साथ श्रीराम जन्मोत्सव समारोह का आगाज

✒️ स्वराज सिंह

भक्ति और उत्साह से गुंजा हसनपुरा, 11 हजार कन्याओं की सहभागिता

  • चैत्र नवरात्रि व हिंदू नववर्ष पर भव्य आयोजन की शुरुआत
  • 11 हजार कन्याएं और श्रद्धालु मंगल कलश यात्रा में शामिल
  • वैदिक मंत्रोच्चार के साथ बाण गंगा तट पर जल भराई
  • नौ दिवसीय श्रीरामचरित मानस नवाह परायण महायज्ञ शुरू

हसनपुरा (सिवान): हसनपुरा नगर पंचायत के उसरी स्थित शिव मंदिर परिसर में चैत्र नवरात्रि और हिंदू नववर्ष के पावन अवसर पर नौ दिवसीय श्रीराम जन्मोत्सव समारोह सह संगीतमय श्रीराम कथा का भव्य आगाज गुरुवार को मंगल कलश यात्रा के साथ हुआ। इस आयोजन का संचालन श्रीरामनवमी सेवा समिति, आयुष्मान सेवा संघ, हिंदू युवा वाहिनी और बजरंग दल के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
समारोह के संरक्षक पुरुषोत्तम दास जी महाराज और यज्ञाचार्य पंडित राजू मिश्रा के नेतृत्व में निकली भव्य मंगल कलश यात्रा में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। हाथी-घोड़े, ढोल-नगाड़े, झाल-झांझर, मजीरा और मृदंग की धुनों पर 11 हजार कुआंरी कन्याएं, महिलाएं और सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। जय श्रीराम, हर हर महादेव और वीर बजरंगी के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।
मंगल कलश यात्रा उसरी शिव मंदिर से प्रारंभ होकर उसरी बाजार, गरीब दास मठ, गोला बाजार अरण्डा, हनुमान चौक, ठाकुरबाड़ी मंदिर, लाल मंदिर बाला जी महाराज, हसनपुरा मुख्य डाकघर, एमएच नगर थाना, प्रखंड मुख्यालय, नरसिंह स्थान, मदरसा गौसिया होते हुए अरण्डा स्थित प्राचीन शिवालय के समीप पवित्र बाण गंगा (दाहा नदी) तट पर पहुंची। वहां यज्ञाचार्य एवं ब्राह्मणों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मंगल कलश में जल भराई की गई।
इसके बाद कलश को पुनः यज्ञ स्थल लाया गया, जहां विधिवत पूजन, नवग्रह आह्वान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रीरामचरित मानस नवाह परायण महायज्ञ की शुरुआत हुई। पूरे कार्यक्रम के दौरान धार्मिक उद्घोषों से वातावरण गूंजता रहा।
कलश यात्रा के दौरान स्थानीय श्रद्धालुओं द्वारा जगह-जगह शीतल जल और मीठे पेय की व्यवस्था की गई थी। प्रिंस मार्ट के संचालक अनिल कुमार गुप्ता सहित अन्य लोगों ने सेवा भाव से श्रद्धालुओं का स्वागत किया। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थानाध्यक्ष राजीव कुमार पटेल के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, जिससे यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
समिति के धनंजय जयसवाल ने बताया कि नौ दिवसीय आयोजन के दौरान प्रत्येक संध्या श्रीधाम वृंदावन से पधारीं प्रख्यात कथा वाचिका डॉ. लवी मैत्रेय शर्मा द्वारा संगीतमय श्रीराम कथा का वाचन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर