✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
बैंकिंग योजनाओं की प्रगति पर चर्चा, वित्तीय समावेशन को लेकर दिशा-निर्देश जारी
सीवान जिले के हसनपुरा प्रखंड कार्यालय सभागार में शुक्रवार को प्रखंड स्तरीय बैंकर्स समिति (बीएलबीसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) राणा प्रताप सिंह ने की, जबकि प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) आनंद प्रकाश सिंह भी उपस्थित रहे।
बैठक में वर्ष 2024-25 की तीसरी तिमाही की प्रगति और चौथी तिमाही के लक्ष्यों की प्राप्ति को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान पीएमईजीपी, पीएम विश्वकर्मा योजना, सर्टिफिकेट केस, मुद्रा ऋण, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, वित्तीय साक्षरता और वित्तीय समावेशन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया और इनके शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए गए।
बैठक में सेंट्रल बैंक और ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधकों सहित अन्य बैंक कर्मी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बैंकिंग योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने और लाभार्थियों तक अधिक से अधिक सुविधाएं पहुंचाने पर जोर दिया।

