फाइनेंस कर्मी से लूटकांड का पुलिस ने किया खुलासा, दो अभियुक्त गिरफ्तार
स्वराज सिंह
हसनपुरा में एमएच नगर पुलिस और दारौंदा थाना की संयुक्त कार्रवाई, हथियार और लूट के सात हजार नकद बरामद
सिवान: फाइनेंस कंपनी के कर्मी से 15 मई को हुई लूट की घटना का खुलासा करते हुए एमएच नगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। थानाध्यक्ष मिहिर कुमार ने बताया कि दारौंदा थानाध्यक्ष छोटन कुमार के सहयोग से मिली गुप्त सूचना के आधार पर ग्राम कोड़र से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:
- रवि कुमार यादव, पिता बिहारी यादव, साकिन बगौरा जानकी टोला
- बिपिन यादव, पिता हृदया यादव, साकिन बगौरा पूर्व टोला
पुलिस ने उनके पास से एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, तथा लूट की रकम में से 7,000 रुपये बरामद किए हैं। पूछताछ के क्रम में दोनों ने 15 मई को एमएच नगर थाना अंतर्गत कोड़र में भारत फाइनेंस कर्मी से हुई लूट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
लूट की बरामदगी का ब्यौरा:
- रवि कुमार यादव के घर छेरही मोड़ से 3,000 रुपये
- बिपिन यादव के घर से 4,000 रुपये
- लूटा गया टैब भी बरामद किया गया
घटना की प्राथमिकी छपरा के दिघवारा निवासी रितेश कुमार ने दर्ज कराई थी, जो भारत फाइनेंस कंपनी में संगम मैनेजर के रूप में कार्यरत हैं। रितेश ने बताया था कि वह बगौरा से समूह की किस्त वसूल कर कोड़र लौट रहे थे, तभी तीन बदमाशों ने हथियार दिखाकर 73,525 रुपये और अन्य सामान लूट लिया।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को गुरुवार को जेल भेज दिया गया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।

