धारदार हथियार से प्रहार कर अधेड़ की हत्या मामले में अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिक
✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सहुली टोले फलदुधिया में 25 दिसंबर की रात अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर एक अधेड़ व्यक्ति की हत्या कर दी। मृतक की पहचान गांव के ही जितेंद्र यादव के रूप में हुई है। इस मामले में मृतक के भतीजे अरविंद यादव ने थाना में आवेदन देकर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
अरविंद यादव ने अपने आवेदन में बताया कि 25 दिसंबर की देर शाम उनके बड़े पापा जितेंद्र यादव घर से पश्चिम दीघा बगीचे में शौच के लिए गए थे। उसी दौरान बदमाशों ने उनके सिर पर धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि शाम करीब पांच बजे उनकी बहन ने जितेंद्र यादव से बात की थी, जिसमें उन्होंने जल्दी घर लौटने की बात कही थी। पुनः साढ़े पांच बजे जब दोबारा फोन किया गया तो फोन रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद परिवार के लोग उनकी तलाश में निकले और दीघा बगीचे में उनका शव क्षत-विक्षत अवस्था में पाया।
थानाध्यक्ष विजय कुमार यादव ने बताया कि मृतक के परिजनों के अनुसार उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। हालांकि, जिस बेरहमी से उनकी हत्या की गई है, उससे ऐसा प्रतीत होता है कि किसी न किसी दुश्मनी का कारण अवश्य रहा होगा। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

