Explore

Search

May 5, 2026 8:52 pm

हसनपुरा : डब्लू खान पर कई आपराधिक मामले दर्ज, पुलिस रिकॉर्ड में लंबी हिस्ट्री सामने आई

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

पुलिस बोली डब्लू खान के इशारे पर भड़का सेमरी कांड, पुलिस पर पथराव और जानलेवा हमला: कई केसों में पहले से रहा है नाम

  • सेमरी गांव में मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप, स्कॉर्पियो पर हमला
  • पुलिस के अनुसार डब्लू खान के इशारे पर उग्र हुई भीड़
  • घटना में पुलिसकर्मी घायल, कई वाहनों को नुकसान
  • डब्लू खान पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज

सीवान: एमएच नगर थाना क्षेत्र के सेमरी गांव में 5 अप्रैल 2026 को हुआ विवाद अब गंभीर आपराधिक मामले में बदल गया है। पुलिस की प्राथमिकी और प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस पूरे घटनाक्रम के केंद्र में डब्लू खान का नाम सामने आया है, जिन पर आरोप है कि उनके इशारे पर भीड़ ने स्कॉर्पियो सवार लोगों पर जानलेवा हमला किया और पुलिस पर भी पथराव किया।

पुलिस के अनुसार, यह घटना एक मामूली सड़क विवाद से शुरू हुई, लेकिन देखते ही देखते उग्र भीड़ ने स्कॉर्पियो (BR01JX7721) को चारों तरफ से घेर लिया और ईंट-पत्थरों से हमला शुरू कर दिया। हालात इतने बिगड़ गए कि मौके पर मौजूद पुलिस बल को हस्तक्षेप करना पड़ा। इस दौरान पुलिसकर्मी कमलेश्वर प्रसाद भी घायल हो गए।

कौन है डब्लू खान?

सिवान जिले के हसनपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत शेखपुरा गांव निवासी डब्लू खान का नाम जिले की राजनीति और स्थानीय घटनाओं में लंबे समय से चर्चा में रहा है। उन्हें एक प्रभावशाली और साथ ही विवादित व्यक्तित्व के रूप में देखा जाता है। स्थानीय स्तर पर उनकी पकड़ मजबूत मानी जाती है और उनके राजनीतिक संबंध भी व्यापक बताए जाते हैं। खास तौर पर उन्हें सिवान के पूर्व सांसद मरहूम डॉ. मोहम्मद शहाबुद्दीन के परिवार का करीबी माना जाता है, जिससे उनकी पहचान और भी प्रमुख हो जाती है।
डब्लू खान का राजनीतिक सफर भी उतार-चढ़ाव से भरा रहा है। वर्ष 2006 में वे शेखपुरा पंचायत के मुखिया बने, जिससे उन्होंने क्षेत्रीय राजनीति में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। इसके बाद उन्होंने 2010 में रघुनाथपुर विधानसभा सीट से चुनाव भी लड़ा, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा। वर्ष 2011 में उन्होंने फिर से मुखिया पद के लिए चुनाव लड़ा, लेकिन इस बार भी सफलता नहीं मिल सकी।
हालांकि, उनके राजनीतिक प्रभाव का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि वर्ष 2016 और 2021 में उनकी पत्नी शाहीना परवीन शेखपुरा पंचायत की मुखिया चुनी गईं। इससे यह स्पष्ट होता है कि क्षेत्र में उनका जनाधार और प्रभाव लगातार बना हुआ है।
दूसरी ओर, पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार डब्लू खान का आपराधिक इतिहास भी रहा है और अलग-अलग मामलों में उनका नाम सामने आता रहा है। यही वजह है कि जब भी किसी बड़े विवाद या घटना में उनका नाम जुड़ता है, तो मामला स्वतः ही संवेदनशील और चर्चित हो जाता है। हालिया सेमरी कांड में उनका नाम सामने आने के बाद एक बार फिर वे सुर्खियों में हैं और उनकी भूमिका को लेकर जांच जारी है।

डब्लू खान पर दर्ज पूर्व मामले

पुलिस दस्तावेजों के अनुसार डब्लू खान के खिलाफ कई गंभीर मामले दर्ज हैं:
आंदर (एमएच नगर) थाना कांड संख्या 52/05 (05.05.2005) – धारा 25(1-B)/26 आर्म्स एक्ट
हुसैनगंज थाना कांड संख्या 116/2000 (14.06.2000) – धारा 147, 149, 341, 323, 324, 337, 504, 379 भादवि
सिसवन थाना कांड संख्या 57/18 (25.03.2018) – धारा 147, 149, 342, 188, 427, 435, 295(A), 296, 504, 506 भादवि एवं 27 आर्म्स एक्ट
हुसैनगंज थाना कांड संख्या 94/20 (24.04.2020) – धारा 160, 188, 269, 270, 271 भादवि एवं 51(b) NDMA एक्ट
हुसैनगंज थाना कांड संख्या 293/20 (16.10.2020) – धारा 341, 323, 504, 506, 34 भादवि
सिसवन थाना कांड संख्या 242/21 (26.09.2021) – धारा 341, 323, 504, 506, 34 भादवि

SI मधुरिमा मनीषा की तहरीर पर दर्ज हुआ केस

एमएच नगर थाना की सब-इंस्पेक्टर मधुरिमा मनीषा के लिखित आवेदन के आधार पर केस संख्या 150/26 (दिनांक 05.04.2026) दर्ज किया गया है। अपने आवेदन में उन्होंने बताया कि गश्ती के दौरान सूचना मिली कि सेमरी गांव में एक स्कॉर्पियो पर ग्रामीणों द्वारा जानलेवा हमला किया जा रहा है। मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि बड़ी संख्या में लोग गाड़ी को घेरकर हमला कर रहे थे।
भीड़ के बीच से स्पष्ट रूप से यह आवाज लगाई जा रही थी कि “चंदन सिंह को बाहर निकालकर मार दो” और साथ ही यह भी कहा जा रहा था कि “डब्लू खान के कहने पर उसे गाड़ी से खींचो।” पुलिस ने बल प्रयोग और समझाइश के बाद स्थिति को नियंत्रित किया।
वीडियो फुटेज के आधार पर नाजीर, नौशाद, लाल बाबू मियां, मैनुद्दीन मियां सहित अन्य की पहचान की गई है, जबकि 100 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।

पुलिस का दावा: सुनियोजित था हमला

पुलिस अधीक्षक कार्यालय की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह हमला सुनियोजित था और इसमें डब्लू खान एवं उनके समर्थकों की भूमिका सामने आई है। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले से राजनीतिक विवाद भी चल रहा था, जिसने इस घटना को और भड़काया।

चंदन सिंह का आरोप

दूसरी ओर, चंदन सिंह ने अपने आवेदन (केस संख्या 148/26) में आरोप लगाया है कि उन पर जानलेवा फायरिंग की गई और इस साजिश के पीछे डब्लू खान एवं ओसामा साहब का हाथ है। उन्होंने दावा किया कि कई राउंड गोलियां चलाई गईं और उनकी गाड़ियां क्षतिग्रस्त कर दी गईं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और सभी आरोपियों के खिलाफ विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर