गुप्त सूचना पर एम.एच. नगर थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कार से भारी मात्रा में शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
वाहन जांच के दौरान 38 पेटी टेट्रा पैक शराब, 76 बीयर कैन और कार जब्त, तस्करी नेटवर्क की जांच तेज
सीवान: एम.एच. नगर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर शुक्रवार देर शाम बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। थाना के सामने वाहन जांच अभियान के दौरान एक सफेद रंग की कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें से 38 पेटी बंटी बबली टेट्रा पैक शराब और 76 पीस बीयर कैन बरामद हुए। पुलिस ने मौके से दो कथित शराब तस्करों को गिरफ्तार कर कार और शराब की खेप को जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास कुमार और फिरोज़ अहमद के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे माहपुर निवासी पंकज चौधरी के लिए काम करते हैं। उनका कार्य सिसवन से माहपुर तक शराब की खेप पहुंचाना था, जिसके बदले उन्हें प्रति खेप 1,500-1,500 रुपये मजदूरी मिलती थी।
प्रभारी दारोगा रूबी कुमारी आर्या ने बताया कि गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हुई और थाना के सामने वाहन जांच शुरू की गई। संदिग्ध कार को रोककर तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई। इसके बाद कार को जब्त करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके बयान के आधार पर शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क की पहचान की जा रही है। इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में एएसआई वीरेंद्र कुमार सिंह, पीएसआई पप्पू कुमार, चौकीदार मैनेजर यादव, सुमन कुमार तथा संजय पासवान ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस की इस सफलता की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि शराब तस्करी या किसी भी अन्य अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

