स्वराज सिंह
सुरक्षा, बीमा कवरेज और मुआवजा नीति की मांग को लेकर राज्यव्यापी सांकेतिक विरोध जारी
बिहार ग्रामीण विकास सेवा संघ के आह्वान पर सुरक्षा एवं मुआवजा संबंधी स्पष्ट नीति की मांग को लेकर राज्यभर के प्रखंड विकास अधिकारियों द्वारा सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को हसनपुरा के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) आनंद प्रकाश सिंह ने बांह पर काली पट्टी बांधकर अपने सभी शासकीय दायित्वों का नियमित रूप से निर्वहन किया।
बीडीओ आनंद प्रकाश सिंह ने बताया कि यह सांकेतिक विरोध बिहार ग्रामीण विकास सेवा संघ के आह्वान पर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य राज्य सरकार का ध्यान प्रखंड विकास अधिकारियों की सुरक्षा, पर्याप्त बीमा कवरेज तथा हाल ही में घायल हुए बीडीओ को समुचित सहायता उपलब्ध कराने जैसी मांगों की ओर आकर्षित करना है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आम जनता के कार्य प्रभावित न हों, इसलिए कार्यालय में उपस्थित रहकर सभी सरकारी कार्यों का नियमित रूप से निष्पादन करते हुए विरोध दर्ज कराया जा रहा है।
संघ की प्रमुख मांगों में प्रखंड विकास अधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, पर्याप्त बीमा कवरेज उपलब्ध कराना, हाल की घटना में घायल बीडीओ को आवश्यक सहायता प्रदान करना तथा सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित होने तक बीडीओ को विधि-व्यवस्था से जुड़े जोखिमपूर्ण कार्यों से अलग रखना शामिल है। संघ ने कहा है कि जब तक इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक सांकेतिक विरोध जारी रहेगा।

