Explore

Search

February 27, 2026 4:45 am

हसनपुरा : ईद को ले शांति समिति की बैठक

ईद को ले शांति समिति की बैठक
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
होली और ईद-उल-फितर पर सौहार्द बनाए रखने की अपील, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
हसनपुरा (सिवान) : एमएच नगर थाना परिसर में गुरुवार को आगामी पर्व होली एवं ईद-उल-फितर को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी आनंद प्रकाश सिंह एवं अंचलाधिकारी उदयन सिंह ने की। वहीं थानाध्यक्ष राजीव कुमार पटेल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने कहा कि हसनपुरा क्षेत्र आपसी भाईचारे और सौहार्द के लिए जाना जाता है। दोनों पर्वों को मिलजुल कर मनाने की परंपरा को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि होली के दौरान रंग-गुलाल का प्रयोग मर्यादित तरीके से करें तथा किसी भी प्रकार की जबरदस्ती या हुड़दंग से बचें।
ईद-उल-फितर के अवसर पर नमाज के दौरान साफ-सफाई एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई। थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान शरारती तत्वों पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। इंटरनेट मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई। साथ ही अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। सभी ने एक स्वर में कहा कि हसनपुरा में शांति, सद्भाव और भाईचारा कायम रखते हुए दोनों पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराए जाएंगे।
इस मौके पर प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि नोमान अहमद, उप चेयरमैन प्रतिनिधि तबरेज आलम उर्फ सोनू, मुखिया इम्तियाज अहमद, नीरज उर्फ गुड्डू सिंह, जयप्रकाश यादव, छोटे इकबाल, संजय यादव, दुर्गा प्रसाद, सुरेश महतो सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर