Explore

Search

February 26, 2026 4:14 am

स्वराज सिंह पर हमला मामले में 4 अज्ञात व एक नामजद पर केस दर्ज, डीएम बोले– होगी सख्त कार्रवाई

स्वराज सिंह पर हमला मामले में 4 अज्ञात व एक नामजद पर केस दर्ज, डीएम बोले– होगी सख्त कार्रवाई

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

पीड़ित के आवेदन पर कार्रवाई, पुलिस जांच में जुटी

सिवान जिले के हसनपुरा थाना क्षेत्र में पत्रकार स्वराज कुमार पर हुए जानलेवा हमले के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। इस पूरे प्रकरण पर सिवान के जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने स्पष्ट किया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आगे विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि हसनपुरा के रहने वाले ‘समय सिवान’ से जुड़े पत्रकार स्वराज को 23 फरवरी 2026 को मोबाइल नंबर 8294576227 से कॉल कर मेरही गांव में रिपोर्टिंग के बहाने बुलाया गया। शाम करीब 3:30 बजे जैसे ही वे बताए गए स्थान पर पहुंचे, पहले से घात लगाए 4 अज्ञात युवकों ने लाठी, डंडा और रॉड से उन पर जानलेवा हमला कर दिया।
पीड़ित के आवेदन में कहा गया है कि हमलावरों में से एक व्यक्ति का चेहरा खुला था, जिसने कथित तौर पर धमकी दी कि “नगर पंचायत की खबर चलाना बंद कर दो, नहीं तो जान से मार देंगे।” घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

प्राथमिकी में चार अज्ञात आरोपियों के साथ नगर पंचायत हसनपुरा के चेयरमैन पति महेश गुप्ता को नामजद किया गया है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि नगर पंचायत में कथित भ्रष्टाचार की खबरों को लेकर पहले से धमकियां दी जा रही थीं और इसी क्रम में साजिश के तहत हमला कराया गया।
घटना के बाद पीड़ित पत्रकार ने एम.एच. नगर थाना, हसनपुरा में लिखित आवेदन देकर जानमाल की सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने आशंका जताई है कि भविष्य में उनके या उनके परिवार के साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। कॉल डिटेल और संबंधित मोबाइल नंबर की जांच की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि दोषियों को चिन्हित कर शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
यह घटना जिले में पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। हाल के दिनों में पत्रकारों पर हमले की घटनाओं ने चिंता बढ़ाई है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं होगा और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर