Explore

Search

May 4, 2026 6:08 pm

सोनू यादव एनकाउंटर : पोस्टमार्टम हाउस पर बेटे का शव देख टूटे पिता, बेसुध होकर बिलखते रहे गरजू यादव

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

बेटे की मौत की खबर सुनते ही टूटे पिता, फूट-फूटकर रोए
पोस्टमार्टम हाउस पहुंचते ही पिता गरजू यादव बेसुध होकर गिरे


  • सोनू यादव अपने पिता का इकलौता बेटा था
  • मुठभेड़ में ढेर हुआ था 25 हजार का इनामी बदमाश
  • गांव में पसरा मातमी सन्नाटा, लोग बोलने से कतराए

बड़हरिया थाना क्षेत्र के गौशीहाता गांव में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए 25 हजार के इनामी बदमाश सोनू यादव की मौत की सूचना मिलते ही उसका परिवार सदमे में डूब गया। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे उसके पिता गरजू यादव बेटे की मौत की खबर सुनते ही बेसुध होकर गिर पड़े और फूट-फूटकर रोने लगे। वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।


जानकारी के अनुसार, पोस्टमार्टम के बाद सोनू यादव का शव परिजनों को सौंप दिया गया। बताया जा रहा है कि सोनू अपने पिता का इकलौता संतान था, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
गरजू यादव ने बताया कि वह पिछले पांच दिनों से थाना में थे और पुलिस की निगरानी में रखे गए थे। उन्होंने कहा कि रविवार सुबह अचानक उन्हें जाने के लिए कहा गया और कुछ ही देर बाद बेटे की मौत की सूचना मिली। इस घटनाक्रम ने परिवार को पूरी तरह झकझोर कर रख दिया है।
घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। स्थानीय लोग इस मामले में कुछ भी बोलने से बचते नजर आए, जिससे इलाके में भय और तनाव का माहौल साफ देखा जा सकता है।
वहीं, पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सोनू यादव का आपराधिक इतिहास लंबा रहा है। उसके खिलाफ गोपालगंज और सीवान जिले के विभिन्न थानों में कई गंभीर मामले दर्ज थे। इनमें हुसैनगंज, उचकागांव, मीरगंज, मुफस्सिल, असांव, आंदर और नगर थाना क्षेत्र के कई कांड शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, मामले में आगे भी विधि-सम्मत कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई में नगर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार, बड़हरिया थानाध्यक्ष छोटन कुमार, जीबी नगर थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, हुसैनगंज थानाध्यक्ष मोहन कुमार सिंह, एमएच नगर थानाध्यक्ष राजीव कुमार पटेल, जिला आसूचना इकाई के प्रशांत और विकास कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी शामिल रहे।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर