✍परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
सीवान जिला शिक्षा पदाधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशानुसार प्राथमिक शिक्षा और सर्व शिक्षा अभियान के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी अशोक कुमार पांडेय की अध्यक्षता में निजी विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों की अपार आईडी बनाने को लेकर बैठक आयोजित की गई।
बैठक में बताया गया कि केंद्र और राज्य सरकार के निर्देशानुसार सरकारी और निजी विद्यालयों के सभी छात्र-छात्राओं की अपार आईडी बनाई जानी है। हालांकि, जिले के निजी विद्यालयों में इस कार्य की गति अत्यंत धीमी है। 650 निजी विद्यालयों ने प्रोग्रेसन कार्य पूर्ण कर लिया है, लेकिन इनमें से केवल 121 विद्यालयों ने अपार आईडी बनाने का कार्य प्रारंभ किया है, जिसमें अभी तक मात्र 2474 अपार आईडी बनाई गई है। यह आंकड़ा लक्ष्य का केवल 2% है।
विशेष निर्देश
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी अशोक कुमार पांडेय ने इस स्थिति पर खेद व्यक्त करते हुए सभी निजी विद्यालयों के संचालकों और संघ के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि बच्चों के हित को प्राथमिकता देते हुए विशेष अभियान चलाकर एक सप्ताह के भीतर शत-प्रतिशत बच्चों की अपार आईडी बनाने का कार्य सुनिश्चित करें।
बैठक में उपस्थिति
बैठक में अपर जिला कार्यक्रम समन्वयक, एमआईएस प्रभारी, विभिन्न प्रखंडों के निजी विद्यालयों के संचालक और संघ के पदाधिकारी उपस्थित थे।

