✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
सीवान के सदर अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की लंबे समय से चली आ रही कमी अब पूरी हो गई है। स्वास्थ्य विभाग ने नेत्र सर्जन डॉ. चंदन कुमार सिंह की पदस्थापना कर दी है। इसके साथ ही ईएनटी चिकित्सक की भी नियुक्ति की गई है।
करीब छह महीने से सदर अस्पताल में नेत्र विशेषज्ञ न होने के कारण मरीजों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीण क्षेत्रों से प्रतिदिन 50 से 100 मरीज आंखों की जांच और इलाज के लिए अस्पताल आते हैं। विशेषज्ञ डॉक्टर के अभाव में रेटिना और ऑपरेशन से संबंधित मरीजों को वापस लौटना पड़ता था या वे निजी अस्पतालों का सहारा लेते थे।
सिविल सर्जन डॉ. श्रीनिवास प्रसाद ने बताया कि कई बार के अनुरोध के बाद विभाग ने सदर अस्पताल को स्थाई नेत्र सर्जन प्रदान किया है। इसके अलावा, ईएनटी डॉक्टर की भी प्रतिनियुक्ति कर दी गई है। इससे मरीजों को बेहतर और त्वरित चिकित्सा सुविधा मिलेगी।

