Explore

Search

March 4, 2026 1:40 am

सीवान: मिलावटी खाद्य पदार्थ कर सकते हैं होली के उल्लास को बेरंग, सचेत रहना जरूरी

✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने दी चेतावनी, मिलावटखोरी रोकने के लिए प्रशासन सक्रिय

सीवान: होली के त्योहार पर बाजारों में मिठाई, मावा, शरबत और नमकीन की बिक्री जोरों पर है, लेकिन मिलावटी खाद्य पदार्थों के कारण यह उत्सव बीमारियों का कारण भी बन सकता है। अधिक मुनाफा कमाने के चक्कर में कुछ दुकानदार दूध, खोया, तेल और खाद्य रंगों में मिलावट कर रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं की सेहत पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।

सदर प्रखंड स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मो. नेसार ने सलाह दी है कि खुले या बिना मार्का वाले खाद्य पदार्थों की खरीदारी से बचें, क्योंकि इनमें मिलावट की संभावना अधिक होती है। मिलावटी खाद्य पदार्थों का सेवन करने से पाचन तंत्र प्रभावित होता है और पेट संबंधी बीमारियां हो सकती हैं।

बिना एक्सपायरी डेट के मिठाइयां बिक रहीं, प्रशासन की कार्रवाई जारी

फूड सेफ्टी स्टैंडर्ड अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) के आदेशानुसार, खुले में बिकने वाली मिठाइयों पर एक्सपायरी डेट लिखना अनिवार्य है, लेकिन सीवान के बाजारों में इस नियम का पालन नहीं किया जा रहा है। मिठाई विक्रेताओं द्वारा बिना एक्सपायरी डेट लिखे मिठाइयां बेची जा रही हैं, जिससे खाद्य सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं।

खाद्य संरक्षा पदाधिकारी नारायण राम ने बताया कि मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचने वाले दुकानदारों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। अब तक 25 से 30 दुकानों से खाद्य पदार्थों के सैंपल एकत्र कर जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित दुकानदारों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

कैसे करें मिलावट की पहचान?

मावा: हाथ से मलने पर यदि चिकनाहट महसूस हो और रंग हल्का पीला हो जाए, तो यह मिलावटी हो सकता है।

मिठाई: ज्यादा चमकीली मिठाई में अखाद्य रंग मिलाने की संभावना अधिक होती है।

गुलाब जामुन व रसगुल्ला: चाशनी में झाग ज्यादा हो, तो उसमें सिंथेटिक रंग मिलाए गए हो सकते हैं।

दूध: पानी की मिलावट जांचने के लिए एक बूंद दूध को चिकनी सतह पर डालें, यदि वह बहने लगे, तो दूध मिलावटी हो सकता है।

होली के उल्लास को स्वस्थ और सुरक्षित बनाए रखने के लिए मिलावटी खाद्य पदार्थों से बचें और केवल विश्वसनीय दुकानों से ही खरीदारी करें।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर