Explore

Search

March 14, 2026 10:24 am

सीवान: मर्यादा से जीने का तरीका सिखाते हैं प्रभु श्रीराम

✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

गांधी मैदान में राम जन्मोत्सव के छठे दिन उमड़ी भक्तों की भीड़, प्रवचनों से भक्तिमय हुआ माहौल

सीवान: चैत्र नवरात्रि और रामनवमी के पावन अवसर पर जिलेभर में भक्ति का सागर उमड़ रहा है। शहर के गांधी मैदान में श्रीराम जन्मोत्सव के छठे दिन गुरुवार को पूजन-अर्चना और परिक्रमा के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी। पूरा शहर लाल-पीले ध्वजों से सजा नजर आया, जबकि देवी मंदिरों और गांधी मैदान में भक्तगण पूजा-पाठ और परिक्रमा कर भक्तिमय वातावरण का आनंद ले रहे हैं।

आचार्य वीरेंद्र पांडेय और उनके सहयोगियों द्वारा प्रतिदिन नवाह्न पाठ और पूजा-अर्चना से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। प्रवचन सत्र में उत्तर प्रदेश के वाराणसी से पधारे मानस मधुकर पंडित रामेश्वर उपाध्याय द्वारा रामभक्तों को मनमोहक प्रवचन सुनाया जा रहा है। वहीं, जौनपुर के राष्ट्रीय मानस प्रवक्ता पंडित रामेश्वरानंद महाराज और नई दिल्ली की मानस कोकिला प्रीति प्रिया रामायणी द्वारा भक्तों को संगीतमय रामकथा का रसपान कराया जा रहा है। इसके अलावा, मानस व्याख्याता पंडित प्रकाशचंद्र पांडेय द्वारा मानस पाठ किया जा रहा है।

प्रवचन के दौरान मानस कोकिला प्रीति प्रिया रामायणी ने कहा कि भगवान श्रीराम मर्यादा से जीने की शिक्षा देते हैं, इसलिए उन्हें मर्यादा पुरुषोत्तम कहा जाता है। वे न केवल शिव अवतारी पुरुष के रूप में पूज्य हैं, बल्कि एक आदर्श राजा के रूप में भी प्रतिष्ठित हैं। जीवन के कठिनतम क्षणों में भी उन्होंने मर्यादा का पालन किया और अपने पुरुषार्थ के बल पर आदर्श स्थापित किया। उन्होंने बताया कि भगवान श्रीराम की पूजा हमें यह प्रेरणा देती है कि कठिनाइयों का सामना धैर्यपूर्वक और अडिग रहकर कैसे किया जाए।

कथा के समापन पर महाआरती का आयोजन किया गया, जिसके पश्चात श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर