Explore

Search

April 12, 2026 9:28 am

सीवान: बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर का 68वां महापरिनिर्वाण दिवस मनाया गया

✍परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

विश्व विभूति भारत रत्न, भारतीय संविधान के निर्माता और सामाजिक न्याय के प्रतीक बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर का 68वां महापरिनिर्वाण दिवस शुक्रवार को सीवान के डॉ. अंबेडकर स्मृति पार्क में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर उनके योगदान को याद करते हुए एक निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों मरीजों का उपचार हुआ और दवाइयां वितरित की गईं। इसके साथ ही रक्तदान अभियान का आयोजन किया गया, जिसमें लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

इस विशेष कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग के पूर्व निदेशक डॉ. एस. के. अमन थे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. अशोक कुमार ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्रिज किशोर प्रसाद ने की और संचालन एडवोकेट गणेश राम उर्फ ज्ञान रत्न ने किया।

डॉ. एस. के. अमन ने अपने संबोधन में कहा, “यदि बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर नहीं होते, तो मैं आज बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग का निदेशक नहीं बन पाता। उनके द्वारा दिया गया संविधान हर वर्ग के लिए प्रेरणा और अधिकारों का प्रतीक है।”

एडवोकेट गणेश राम ने कहा, “बाबा साहेब की वजह से ही समाज के वंचित वर्ग के लोग चपरासी से लेकर डीजीपी, वकील से लेकर जज और सांसद से लेकर राष्ट्रपति तक बन पाए हैं। यदि वे नहीं होते, तो आज हमारा समाज कहाँ होता, यह कल्पना करना कठिन है। उनका योगदान भारतीय संविधान में सभी वर्गों के लिए अनुकरणीय है।”

कार्यक्रम में डॉ. शंभू कुमार, डॉ. पंकज गुप्ता, डॉ. वंदना, डॉ. एम. अली खान, और डॉ. फैयाज सरवर ने निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान कीं। आयुष हेल्थ केयर सेंटर के निदेशक रवि रतन ने खून की जांच की व्यवस्था की, जबकि विजय कुमार सिंह ने ब्लू बैंक के तहत रक्तदान अभियान का संचालन किया।

कार्यक्रम का मुख्य स्लोगन था: “बाबा साहेब डॉक्टर अंबेडकर के नाम, एक यूनिट करें रक्तदान, जिससे गरीबों का हो कल्याण।”

इस कार्यक्रम में ललन बैठा, श्री रामदास, अरुण कुमार, मोतीलाल, केशव कुमार और चारों छात्रावासों के छात्रों सहित जिले के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में महिलाओं और पुरुषों ने भाग लिया।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर