✍परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
सीवान, 5 दिसंबर। बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के विरोध में गुरुवार को सनातन संघर्ष समिति के तत्वावधान में शहर में आक्रोश मार्च निकाला गया। गांधी मैदान से शुरू हुआ यह मार्च अस्पताल रोड, बबुनिया मोड़, जेपी चौक होते हुए गोपालगंज मोड़ पर सभा में तब्दील हो गया। इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोग और संत शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर भारत माता की जय सहित अन्य नारों के साथ अपना विरोध जताया।
सभा का संचालन राम कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर प्रो. रविन्द्र पाठक ने बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों की दयनीय स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि भारत में हिंदू बहुसंख्यक होने के कारण लोकतंत्र मजबूत है, जबकि बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों के साथ हो रहे अत्याचार एक गंभीर समस्या बन गए हैं।
बजरंग दल के क्षेत्र संयोजक जन्मेजय कुमार ने आरोप लगाया कि बांग्लादेश में हिंदू डॉक्टर, शिक्षक, जज, पुलिस अधिकारी और अन्य पदाधिकारियों को जबरन इस्तीफा देने पर मजबूर किया जा रहा है। हिंदुओं की संपत्तियों को लूटा जा रहा है, महिलाओं पर अत्याचार हो रहे हैं और धर्मांतरण की घटनाओं में तेजी आई है। उन्होंने भारत सरकार से मांग की कि वह इस मुद्दे पर बांग्लादेश सरकार से सख्त बातचीत करे।
इस कार्यक्रम में पूर्व सांसद ओम प्रकाश यादव, धनंजय सिंह, सन्नी कुमार, त्रिलोकी सिंह पटेल, गणेश कसेरा, जयप्रकाश गुप्ता, देवेंद्र गुप्ता, मुकेश कुमार बंटी, राहुल तिवारी, प्रभात रंजन, राहुल, शशांक, शंभू शरण तिवारी, ओम प्रकाश दुबे, अशोक सिंह, रितेश सिंह, रामबाबू यादव, गिरीश कुमार और नंद प्रसाद चौहान सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

