✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
भंटापोखर और कन्हौली में हुई दुर्घटनाएं, गांवों में छाया मातम
सीवान: जिले में 24 घंटे के भीतर हुई दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक युवक समेत दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भंटापोखर निवासी जयनाथ यादव और गोरेयाकोठी थाना क्षेत्र के भिट्ठी निवासी नीरज कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर स्वजनों को सौंप दिया, जिसके बाद गांव में शोक का माहौल है।
पहली घटना गुरुवार की रात मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भंटापोखर में हुई, जहां श्यामपुर बाजार से पैदल लौट रहे जयनाथ यादव को तेज रफ्तार हाइवा ने कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद वाहन चालक फरार हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस और मृतक के स्वजनों को जानकारी दी। स्वजन घटनास्थल पर पहुंचते ही दहाड़ मारकर रोने लगे। स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
दूसरी घटना बसंतपुर थाना क्षेत्र के कन्हौली गांव के समीप गुरुवार की रात हुई, जहां गोरेयाकोठी के भिट्ठी निवासी नीरज कुमार की बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। आशंका है कि वह किसी वैवाहिक समारोह से लौट रहा था और कोहरे तथा सड़क पर मोड़ होने के कारण वाहन से नियंत्रण खो बैठा। ग्रामीणों को शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी मिली, जब उन्होंने सड़क किनारे गड्ढे में गिरी बाइक और नीरज का शव देखा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नीरज की गर्दन में गंभीर चोट थी और जीभ बाहर निकली हुई थी। उनके मोबाइल पर स्वजनों के लगातार फोन आने के बाद ग्रामीणों ने परिजनों को हादसे की सूचना दी।

