✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
बिहार दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों ने दिखाया हुनर, जिला स्तर पर तीसरा स्थान हासिल
सीवान: शहर के टाउन हॉल में शनिवार की देर शाम बिहार दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रीटिन पब्लिक स्कूल के बच्चों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों ने पारंपरिक परिधान में मिथिला झिझिया, बिहार में खेती का महोत्सव, कजरी और छठ महापर्व से जुड़े लोक नृत्यों को प्रस्तुत कर समां बांध दिया।
छात्राओं की मनमोहक समूह नृत्य प्रस्तुति को खूब सराहना मिली और इसके लिए विद्यालय ने जिला स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त किया। जिला प्रशासन की ओर से वरीय अधिकारियों ने स्कूल के बच्चों को प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया।
विद्यालय की प्राचार्य मधुमिता और निदेशक डॉ. संजय कुमार सिंह ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि यह विद्यालय के लिए गर्व की बात है कि बच्चे शिक्षा के साथ-साथ कला के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं और विद्यालय का नाम रोशन कर रहे हैं।
इस समूह नृत्य में राज लक्ष्मी, श्रेया राज, आयशा खातून, समीक्षा, नित्या, लक्ष्मी रानी, इशिता शर्मा, शानवी और प्रिया सहित कई छात्राएं शामिल थीं।

