✍परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
सीवान जंक्शन पर शनिवार को आरपीएफ ने दो ट्रेनों से पांच अवैध वेंडरों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की। आरपीएफ इंस्पेक्टर राजेश कुमार सिन्हा ने बताया कि टास्क टीम के सहायक उप निरीक्षक शैलेंद्र कुमार पांडेय, हेड कांस्टेबल परमिंदर राय, मनोज कुमार साह, और कांस्टेबल नागेंद्र यादव प्लेटफॉर्म संख्या एक पर निगरानी कर रहे थे।
इस दौरान गाड़ी संख्या 15708 के जनरल कोच में तीन और गाड़ी संख्या 12554 के एस-3 कोच में दो व्यक्तियों को खाने-पीने का सामान बेचते हुए पकड़ा गया। वेंडरों से वैध प्रमाण पत्र की मांग की गई, लेकिन वे कोई अधिकार पत्र प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद सभी को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार व्यक्तियों में पश्चिमी चंपारण के बैरिया थाना क्षेत्र के पकरहा बाजार निवासी चंदन कुमार, नगर थाना क्षेत्र के कसेरा टोली निवासी मोहम्मद मंटू, मऊ जिले के कोपागंज थाना क्षेत्र के इंदारा वार्ड नंबर चार निवासी गोलू कुमार गौड़, छपरा जिले के दरियापुर थाना क्षेत्र के परमागत निवासी विपुल कुमार, और डोरीगंज थाना क्षेत्र के शनिचरा टोला निवासी नीरज कुमार शामिल हैं।

