✍परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
सीवान के जिलाधिकारी मुकुल कुमार गुप्ता के साप्ताहिक जनता दरबार में शुक्रवार को फरियादियों की भीड़ उमड़ी। कुल 32 फरियादियों ने जिलाधिकारी के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं, जिनमें भूमि विवाद, पेयजल संकट, राजस्व, पंचायत राज, सहकारिता, बैंकिंग और बिजली से जुड़ी शिकायतें मुख्य रूप से शामिल थीं। डीएम ने सभी फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनकी पीड़ा का समाधान कराने का भरोसा दिलाया।
जनता दरबार में पुलिस अधीक्षक कार्यालय, अपर समाहर्ता कार्यालय, सदर भूमि सुधार उप समाहर्ता कार्यालय, जिला पंचायत राज कार्यालय, जिला सहकारिता कार्यालय, उद्योग विभाग कार्यालय, और विद्युत विभाग समेत विभिन्न प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों से संबंधित मामलों की अधिकता रही। डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता दरबार में आए मामलों को शीघ्र सुलझाया जाए। उन्होंने अधिकारियों से यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि हर शिकायत का त्वरित और प्रभावी निष्पादन हो।
जनता दरबार में अधिकतर मामले छोटे-मोटे भूमि विवाद और पेयजल संकट से संबंधित थे। कुछ शिकायतों का समाधान जिलाधिकारी ने मौके पर ही संबंधित पदाधिकारियों को फोन के माध्यम से निर्देश देकर कराया। जिलाधिकारी ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य लोगों की समस्याओं को सुनना और उनके समाधान के लिए तेज प्रक्रिया सुनिश्चित करना है।

