✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
सीवान: गाड़ी संख्या 11060 गोदान एक्सप्रेस ट्रेन से गिरकर एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल यात्री का दोनों पैर टूट गया। स्थानीय लोगों ने घायल को सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर देखते हुए उसे पटना रेफर कर दिया। घायल की पहचान गोरियाकोठी थाना क्षेत्र के लददी निवासी संजीव कुमार पासवान के रूप में हुई है।
आरपीएफ इंस्पेक्टर राजेश कुमार सिन्हा ने बताया कि बलिंद्र कुमार यादव नामक व्यक्ति ने रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट पर सूचना दी कि गाड़ी संख्या 11060 गोदान एक्सप्रेस से एक यात्री पचरुखी स्टेशन के पास गिर गया है और उसका बैग उनके पास सुरक्षित है। इस सूचना पर एएसआई छोटेलाल सिंह पचरुखी स्टेशन पहुंचे, जहां स्टेशन मास्टर शम्मी कपूर ने बताया कि घायल व्यक्ति को 108 एंबुलेंस की मदद से प्वाइंट्समैन योगेंद्र कुमार के साथ पीएचसी पचरुखी भेजा गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घायल संजीव कुमार पासवान ने बताया कि 22 जनवरी को वह सियालदह से जनरल टिकट लेकर गाड़ी संख्या 13105 से छपरा आया था। छपरा से गाड़ी संख्या 11060 गोदान एक्सप्रेस पकड़कर सीवान जा रहा था। पचरुखी स्टेशन के पास ट्रेन की स्थिति देखने के लिए वह गेट पर आया, तभी पैर फिसलने से नीचे गिर गया। इस दुर्घटना में उसके दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई हैं।

