✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
बैग व्यवसायी की हत्या के बाद जांच तेज, बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
महादेवा थाना क्षेत्र के दारोगा हाता हाईवे के समीप 21 मार्च की देर शाम एक बैग व्यवसायी की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी और शव को सड़क किनारे फेंक दिया। हत्या के बाद पहचान छिपाने के लिए शव पर मिट्टी का लेप लगा दिया गया। घटना की सूचना पर पहुंची महादेवा थाना पुलिस को मृतक के पास से एक मोबाइल बरामद हुआ, जिससे उसकी पहचान गोपालगंज जिले के थावे थाना क्षेत्र के खानपुर अजमत गांव निवासी संजय साह के रूप में हुई। बदमाशों ने उसके सिर के पीछे और सीने में गोली मारी थी।
शनिवार की सुबह एसपी अमितेश कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआइटी टीम का गठन किया, जो हत्या की गुत्थी सुलझाने और आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी है। हालांकि, शनिवार की देर शाम तक पुलिस मामले का खुलासा नहीं कर पाई थी।
पुलिस के अनुसार, 22 मई 2023 को मृतक संजय साह की पत्नी अनुश्री चंचला की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में अनुश्री के पिता पोतन साह के पुत्र राजेंद्र साह ने संजय साह, उमाकांता, सुगांती देवी, शैलेंद्र कुमार, श्रीकांत साह, शैलेंश देवी, पीयूष कुमार और विशाल कुमार पर आरोप लगाया था। इस मामले में संजय साह को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था, जहां से वह कुछ महीने पहले ही रिहा हुआ था।
महादेवा थानाध्यक्ष निर्भय कुमार ने बताया कि पुलिस हत्या के कारणों और अपराधियों की पहचान के करीब पहुंच चुकी है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। बदमाशों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

