Explore

Search

July 4, 2026 11:58 pm

सीवान: क्राइम मीटिंग में विगत माह के कांडों की समीक्षा

✍परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

समाहरणालय स्थित सभागार में शनिवार देर शाम पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने जिले के सभी थानाध्यक्षों और वरीय पुलिस अधिकारियों के साथ क्राइम मीटिंग आयोजित की। बैठक में अपराध नियंत्रण और जिले में अपराध की घटनाओं में कमी लाने के लिए कड़े निर्देश दिए गए। एसपी ने विगत माह के कांडों की समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर आवश्यक कार्रवाई के लिए दिशा-निर्देश जारी किए।

एसपी ने 48 घंटे की वैधानिक अवधि में आइ-रेड पोर्टल पर एक्सीडेंटल कांडों की प्रविष्टि सुनिश्चित करने और कुर्की के सही निष्पादन पर जोर दिया। गृहभेदन और चोरी जैसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कार्य योजना तैयार करने की बात कही गई। इसके अलावा, तीन सौ दिनों या उससे अधिक समय से लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

शराब बरामदगी के लिए प्रभावी छापेमारी अभियान चलाने का भी आदेश दिया गया। बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने जिले में अपराध की स्थिति, रिकॉर्ड, और मौजूदा चुनौतियों पर चर्चा की।

बैठक में डीएसपी रक्षित विपिन नारायण शर्मा, यातायात डीएसपी शैलेश प्रीतम, एसडीपीओ सदर अजय कुमार सिंह, महाराजगंज एसडीपीओ राकेश कुमार रंजन, मैरवा एसडीपीओ अजीत कुमार सिंह चौहान, नगर थाना इंस्पेक्टर राजू कुमार, मुफस्सिल थानाध्यक्ष अशोक कुमार दास, और महादेवा थानाध्यक्ष कुंदन पांडेय सहित जिले के अन्य थानाध्यक्ष उपस्थित थे।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर