✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
भूमि विवाद में हुई चाकूबाजी, पुलिस ने नामजद आरोपियों पर की कार्रवाई
सीवान। सराय थाना क्षेत्र के पपौर गांव में भूमि विवाद को लेकर हुए संघर्ष में बुधवार को केशव तिवारी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस हत्याकांड में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी मुखिया सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में मुखिया मिंटू तिवारी, पपौर निवासी उर्मिला देवी और नीतीश तिवारी उर्फ विजेंदु शामिल हैं।
घटना के बाद एसपी अमितेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर जांच की। साथ ही एएफएसएल की टीम ने भी साक्ष्य एकत्र किए। इस मामले में मृतक के छोटे भाई राज मंगल तिवारी के बयान पर 10 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
हमले में लाठी-डंडे और चाकू का हुआ इस्तेमाल
राज मंगल तिवारी ने पुलिस को बताया कि अवध किशोर तिवारी, कमलेश्वर तिवारी, कन्हैया तिवारी, उज्जवल तिवारी, बृजेंद्र तिवारी, ललन तिवारी, प्रदीप तिवारी, मिंटू तिवारी, मनोज तिवारी और उर्मिला देवी उनके दुकान पर पहुंचे और लाठी-डंडे से हमला कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने चाकूबाजी भी की, जिससे उनके भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य तीन लोग घायल हो गए।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी
सराय थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि मुखिया मिंटू तिवारी, उर्मिला देवी और नीतीश तिवारी उर्फ विजेंदु को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

