✍परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
सीवान: जिले के महाराजगंज, दारौंदा, पचरुखी और लकड़ी नबीगंज प्रखंडों में पैक्स चुनाव के दूसरे चरण का मतदान मंगलवार को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न हुआ। इस दौरान जिलाधिकारी मुकुल कुमार गुप्ता और पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने संयुक्त रूप से विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया और स्थिति का जायजा लिया।
निर्वाचन प्राधिकरण के गाइडलाइन के अनुरूप, अधिकारियों ने स्वच्छ, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण मतगणना सुनिश्चित करने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की थी। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी दंडाधिकारियों, पुलिस कर्मियों और मतदान कर्मियों को सक्रिय और तत्पर रहने की सख्त हिदायत दी।
बताया गया कि विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए बज्रगृह, मतगणना स्थल और मतगणना परिसर में पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी तैनात किए गए थे। चुनावी प्रक्रिया को लेकर सभी अधिकारीगण ने कड़ी निगरानी रखी।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि मतगणना केंद्र के प्रवेश द्वार पर सभी व्यक्तियों की कड़ी जांच की जाए और अनधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश वर्जित किया जाए। इसके साथ ही मतगणना परिसर में किसी भी प्रकार के घातक हथियार, शस्त्र, धूम्रपान सामग्री, माचिस या मोबाइल फोन लाने पर पाबंदी लगाई गई थी।
निर्वाचन प्रक्रिया के बाद जुलूसों की अनुमति नहीं दी जाएगी, और इसके अनुपालन को सुनिश्चित करने का आदेश जारी किया गया है। सभी संबंधित थानाध्यक्षों को मतगणना की स्थिति पर निगरानी रखने और शांति बनाए रखने के लिए सघन गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं।

